Latehar News:- पुलिस ने नेतरहाट थाना क्षेत्र के टूटापानी जंगल में नक्सलियों के जाल को नाकाम कर दिया। सर्च अभियान में आठ आईईडी बम, दो बंदूकें और 269 जिंदा गोलियां बरामद हुईं। नक्सलियों के अन्य सामान भी मिले।

लातेहार एसपी कुमार गौरव ने बताया कि दो दिन पहले नीचे दौना गांव में नक्सली कमांडर मनीष यादव मारा गया था। कुंदन खरवार की गिरफ्तारी भी हुई थी। इसके बाद पूरे इलाके में सर्च अभियान चलाया गया। इसी दौरान टूटापानी जंगल में नक्सलियों के छिपाए हथियार और बम मिले।
एसपी ने बताया कि नक्सलियों ने बम पुलिस और सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के लिए लगाए थे। लेकिन पुलिस ने समय रहते उन्हें बरामद कर लिया। सभी बमों को जंगल में ही विस्फोट कर निष्क्रिय किया गया।
एसपी ने कहा कि नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। जो नक्सली अब भी भटके हुए हैं, वे सरकार की आत्मसमर्पण नीति का लाभ लें। आत्मसमर्पण करने वालों को सरकारी सुविधा दी जाएगी। जो नक्सलवाद की राह पर चलेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।