Lohardaga News:- पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी के निर्देश पर कुड़ू पुलिस ने शनिवार को कुडू थाना क्षेत्र के शंखनदी-लुकुईया भाया बड़की चांपी मुख्य पथ पर लगभग सात लाख रुपये मूल्य का गांजा बरामद किया। इस मामले में वाहन चालक और एक अन्य युवक को हिरासत में लिया गया है।
सूचना के अनुसार, ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले के बेल पहाड़ से एक कार (नंबर बीआर 11 जेड 3556) भारी मात्रा में गांजा लोड कर बिहार जा रही थी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बड़की चांपी चौक के समीप सुबह से वाहन जांच अभियान शुरू किया।
लगभग सुबह 9 बजे, एक कार लोहरदगा की ओर तेज गति से आती नजर आई। पुलिस को देखकर कार चालक ने गति बढ़ा दी और चंदवा की तरफ भागने लगा। पीछा करते हुए बड़की चांपी चौक से लगभग दो किलोमीटर दूर मरकट के समीप कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क से नीचे जंगल में दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार में सवार दो युवकों को पकड़ लिया। तलाशी में 42 पैकेटों में लगभग 160 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। सूचना मिलने के बाद दंडाधिकारी सह सीओ संतोष उरांव और कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और गांजा का वजन कराया।
पुलिस का कहना है कि बरामद गांजा की कीमत लगभग सात लाख रुपये है। मामले की जांच जारी है और फरार वाहन में छुपे अन्य लोगों की पहचान के लिए अभियान चलाया जा रहा है।

