Hazaribag News:- जिले में पुलिस ने मंगलवार की रात देह व्यापार का बड़ा भंडाफोड़ किया। रांची-पटना फोरलेन मार्ग के किनारे स्थित कई होटलों में चल रहे सेक्स रैकेट की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर 17 होटल संचालकों को गिरफ्तार किया। एसपी अंजनी अंजन ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि छापेमारी के दौरान पुलिस ने 16 रजिस्टर, एक लैपटॉप, 19 मोबाइल फोन, पांच डीबीआर, 41,500 रुपये नकद, एक स्विफ्ट डिजायर कार और 43 पीस कंडोम बरामद किया। पुलिस ने यह भी बताया कि मौके पर एक युवक 1120 रुपये देकर होटल का कमरा बुक कर रहा था।
गिरफ्तार होटल संचालकों में अजय कुमार, धीरज कुमार, शिशु कुमार, नवीन कुमार, विशाल कुमार, रंजीत कुमार, अजय कुमार, अंशु कुमार, युवराज कुमार मेहता, अजित कुमार गुप्ता, शुभम कुमार, बबलू कुमार, जयंत मांझी, रामदेव कुमार महतो, दिलीप कुमार, शुभम कुमार और संजय कुमार शामिल हैं।
छापेमारी टीम में डीएसपी अमित आनंद, विद्यावती ओहदार, विनोद कुमार, साजिद रजा, अमित कुमार, विंध्यवासिनी सिन्हा, शाहिना परवीन और किरण कच्छप के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल शामिल थे।
एसपी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि फोरलेन के किनारे बने कुछ होटलों में देह व्यापार का धंधा चल रहा है। इसके बाद एक विशेष टीम का गठन कर देर रात छह होटलों – होटल रेस्टोरेंट 7 डेज, होटल रुक्मणी, होटल 2 ईंट, होटल स्पाइसी, होटल सिद्धिविनायक और होटल वर्णिका – में एक साथ छापेमारी की गई। इस कार्रवाई में पुलिस ने कई युवक-युवतियों को रंगे हाथ पकड़ा।
पुलिस का कहना है कि इस तरह का धंधा समाज के लिए गंभीर अपराध है और जिले में इसे किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गिरफ्तार आरोपियों पर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

