Motihari News: जिले में अवैध आर्केस्ट्रा के माध्यम से नाबालिग लड़कियों के शोषण के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत हरसिद्धि थाना क्षेत्र में छापेमारी कर तीन नाबालिग लड़कियों को रेस्क्यू किया गया, वहीं तीन आर्केस्ट्रा संचालकों को गिरफ्तार किया गया है।
यह कार्रवाई प्रशिक्षु डीएसपी रिषभ कुमार के नेतृत्व में हरसिद्धि पुलिस और चाइल्ड लाइन मोतिहारी की संयुक्त टीम ने की। टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि धनखरैया और नहर के पास संचालित ‘किरण म्यूजिकल आर्केस्ट्रा’ में नाबालिग लड़कियों से जबरन नृत्य कराया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर अचानक छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन नाबालिग लड़कियों को बरामद किया, जिन्हें कथित तौर पर आर्केस्ट्रा में नाचने के लिए मजबूर किया जा रहा था। मौके से तीन आर्केस्ट्रा संचालकों को भी गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुधांशु कुमार, मुकेश कुमार और नीलकमल कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और बाल श्रम निषेध कानून के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
प्रशिक्षु डीएसपी रिषभ कुमार ने बताया कि रेस्क्यू की गई लड़कियों को काउंसलिंग के बाद उनके परिजनों को सौंपने या आवश्यकतानुसार सुधार गृह भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इन लड़कियों को कहां से लाया गया और किस तरह उन्हें इस अवैध काम में धकेला गया।
पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने कहा कि नाबालिगों के शोषण से जुड़े मामलों को लेकर जिले में सख्त अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह के अवैध धंधे में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
उल्लेखनीय है कि इस विशेष अभियान के तहत इससे पहले कोटवा, डुमरिया घाट और संग्रामपुर थाना क्षेत्रों में भी छापेमारी की जा चुकी है। इन कार्रवाइयों में आधा दर्जन से अधिक नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया गया है और छह अवैध आर्केस्ट्रा संचालकों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं नाबालिगों से मजदूरी या इस तरह के कार्य कराए जाने की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।

