Bokaro News:- बोकारो जिले के जागेश्वर बिहार थाना क्षेत्र के लुगू पहाड़ के काशीटांड़ जंगल में मंगलवार की सुबह पुलिस और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में झारखंड के कुख्यात हार्डकोर नक्सली और 5 लाख के इनामी कुंवर मांझी को ढेर कर दिया गया है। हालांकि, इस कार्रवाई में कोबरा बटालियन का एक जवान भी शहीद हो गया।
बोकारो रेंज के आईजी क्रांति कुमार गड़देशी ने बताया कि बुधवार तड़के लुगू पहाड़ी के आसपास नक्सलियों के एक दस्ते के क्रियाशील होने की सूचना मिली, जिसके आधार पर केंद्रीय बलों और बोकारो पुलिस की ओर से विशेष अभियान शुरू किया गया। जंगल में सर्च के दौरान ही पुलिस का नक्सलियों से सीधे सामना हो गया। इसके बाद दोनों तरफ से मुठभेड़ शुरू हो गई, जिसमें पांच लाख का इनामी कुंवर माझी मार गया। कुंवर के मारे जाने के बाद उसका एके-47 राइफल भी पुलिस ने बरामद किया है।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान नक्सलियों की ओर से अचानक की गई गोलीबीरी में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 209वीं कोबरा इकाई के कांस्टेबल प्रनवेश्वर कोच (33) गोली लगने से बलिदान हो गए। वह मूल रूप से असम के कोकराझार के रहने वाले थे। आईजी ने बताया कि पुलिस को भारी पड़ता देख नक्सलियों ने कुछ ग्रामीणों को आगे कर पुलिस से बचने की कोशिश की। इसमें भी जब नक्सली कामयाब नहीं हुए, तब उन्होंने एक ग्रामीण की गोली मारकर मौके पर हत्या कर दी। ताकि पुलिस को मौके पर भटकाया जा सके। मारा गया ग्रामीण लुगू इलाके का ही रहने वाला था।
पुलिस और नक्सलियों के बीच यह मुठभेड़ उसी लुगू पहाड़ पर हुई है, जहां इसी साल अप्रैल महीने में एक करोड़ का इनामी विवेक सहित आठ नक्सली एनकाउंटर में मारे गए थे। आईजी बोकारो ने बताया कि नक्सलियों की तलाश में अभी भी इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।
लगातार जारी है सर्च ऑपरेशन
घटना के बाद कोबरा बटालियन, सीआरपीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा इलाके की घेराबंदी की गई है। रुक-रुक कर फायरिंग अभी भी जारी है और नक्सलियों की गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा बल सतर्कता बरत रहे हैं।
प्रशासन अलर्ट मोड पर
घटना को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी किया गया है और विशेष सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। नक्सलियों की संख्या और अन्य मूवमेंट का पता लगाने के लिए ड्रोन और तकनीकी संसाधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
कुंवर मांझी की लंबी आपराधिक पृष्ठभूमि
मृत नक्सली कुंवर मांझी झारखंड में पिछले दो दशकों से नक्सली वारदातों का मास्टरमाइंड रहा है। उस पर हत्या, पुलिस पर हमला, विस्फोट और फिरौती जैसे मामलों में कई संगीन केस दर्ज थे। सरकार ने उस पर 25 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
शहीद जवान को श्रद्धांजलि
इस मुठभेड़ में शहीद हुए कोबरा बटालियन के वीर जवान की शहादत को नमन करते हुए राज्य सरकार ने परिवार को समुचित सहायता और सम्मान देने की घोषणा की है।

