Koderma News:- झारखंड के कोडरमा जिले के चंदवारा थाना क्षेत्र अंतर्गत जामुखाड़ी में एक भीषण सड़क हादसे में झारखंड पुलिस के जवान जयकिशोर राम (50) की मौत हो गई। हादसे में उनकी पत्नी अनिता देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि कार में सवार दो अन्य लोग मामूली रूप से जख्मी हुए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, जयकिशोर राम अपनी पत्नी और दो अन्य लोगों के साथ पदमा (हजारीबाग) से झुमरीतिलैया के सीडी कॉलोनी में किसी परिचित के घर जा रहे थे। वे अपनी निजी कार (JH 02 S 5879) से यात्रा कर रहे थे। जब वे बरही घाटी पार कर जामुखाड़ी पहुंचे, तभी पीछे से तेज़ रफ्तार में आ रही एक ट्रेलर ने ओवरटेक करने के प्रयास में उनकी कार को दाईं ओर से जोरदार टक्कर मार दी।
इस टक्कर में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की जानकारी चंदवारा थाना प्रभारी को दी। थाना प्रभारी धनेश्वर कुमार, एसआई विद्याभूषण राय और एएसआई दिलीप मंडल मौके पर पहुंचे। लेकिन तब तक जयकिशोर राम की मौत हो चुकी थी।
घायलों को सदर अस्पताल भेजा गया, जहां अनिता देवी का इलाज जारी है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।
जयकिशोर राम पदमा पुलिस लाइन में कार्यरत थे और झारखंड पुलिस के समर्पित जवान थे।
गौरतलब है कि जामुखाड़ी क्षेत्र लगातार दुर्घटना जोन बनता जा रहा है। एम्बुलेंस सेवा की कमी और एनएचएआई की लापरवाही के चलते घायलों को समय पर इलाज नहीं मिल पाता। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि इस क्षेत्र में एम्बुलेंस और सुरक्षा इंतजामों को प्राथमिकता दी जाए।

