Betia News:- बेतिया जिले में अपराधियों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए एसबीआई के दो एटीएम मशीनों को गैस कटर से काटकर कुल 23 लाख 52 हजार रुपये की चोरी कर ली। यह घटना नगर थाना क्षेत्र के आलोक भारती चौक और नौतन थाना क्षेत्र के गहिरी कचहरी चौक स्थित एटीएम में हुई। दोनों वारदातों से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, नगर थाना क्षेत्र के आलोक भारती स्कूल चौक स्थित एसबीआई एटीएम में देर रात करीब 1 बजे चोरों ने गैस कटर की मदद से मशीन को काटकर 12 लाख 52 हजार रुपये निकाल लिए। वहीं, नौतन थाना क्षेत्र के गहिरी कचहरी चौक स्थित एसबीआई एटीएम में रात करीब 11.30 बजे 11 लाख रुपये की चोरी की गई। पुलिस को आशंका है कि दोनों घटनाओं को एक ही गिरोह ने अंजाम दिया है।
एसडीपीओ-1 विवेक दीप ने बताया कि दोनों एटीएम में चोरी की तकनीक और समय को देखते हुए एक ही संगठित गिरोह की संलिप्तता की संभावना है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है, जिसमें तकनीकी शाखा के अधिकारी भी शामिल हैं। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है।
नगर के अपर थानाध्यक्ष नितिन कुमार ने बताया कि रात 1.14 बजे कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि आलोक भारती चौक स्थित एटीएम में चोरी हुई है। सूचना मिलते ही गश्ती दल को मौके पर भेजा गया और जिले के सभी थानों को सतर्क कर दिया गया। पुलिस टीम जब 1.20 बजे एटीएम पहुंची, तब तक चोर फरार हो चुके थे। मौके पर एटीएम मशीन कटी हुई अवस्था में मिली।
उधर, नौतन थाना क्षेत्र के गहिरी कचहरी चौक स्थित एटीएम में सुरक्षा के लिए चौकीदार चुमन पासवान तैनात थे। बताया गया कि वे कुछ समय के लिए आधा किलोमीटर दूर गांधी चौक स्थित दूसरे एटीएम की निगरानी करने चले गए थे। इसी दौरान चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। लौटने पर चोरी का पता चला, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

