Ranchi News:- राजधानी रांची के मेन रोड स्थित द केन होटल की निर्माणाधीन इमारत में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। ऊपरी मंजिल पर काम कर रहा एक मजदूर अचानक संतुलन खो बैठा और नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मजदूर बिना सेफ्टी बेल्ट और हेलमेट के ऊंचाई पर काम कर रहा था। लोगों ने बताया कि निर्माण कार्य में सुरक्षा उपकरणों की घोर लापरवाही बरती जा रही थी, जो इस दुर्घटना का प्रमुख कारण माना जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही हिंदपीढ़ी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम के लिए शव को भेज दिया गया है। पुलिस निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर संबंधित लोगों से पूछताछ भी कर रही है।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में निर्माण कंपनियों द्वारा सुरक्षा उपायों की अनदेखी को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

