Palamu News:- । पांकी थाना रोड स्थित तुलेश्वर अकैडमी के संचालक तुलेश्वर यादव पर एक छात्रा ने दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता के पिता ने 18 अगस्त को महिला थाना में लिखित आवेदन देकर पूरे मामले की जानकारी दी है।आवेदन के अनुसार, छात्रा उसी मकान में किराए पर रहती थी, जहां आरोपी शिक्षक का भी निवास है। 31 जुलाई की रात मौका पाकर शिक्षक ने छात्रा के साथ दुष्कर्म किया और घटना को भूल जाने की धमकी देते हुए जान से मारने तथा परिवार को नुकसान पहुंचाने की चेतावनी दी। डर और सहम के कारण छात्रा ने पहले चुप्पी साध ली, लेकिन बाद में अपनी मां को पूरी घटना बताई। मां से पिता तक मामला पहुंचा, जिसके बाद परिजन ने महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई।
महिला थाना के एसआई कैलाश प्रसाद सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने आरोपी शिक्षक को पकड़ने के लिए उसके घर पर छापेमारी की, लेकिन पुलिस पहुंचने से पहले ही वह फरार हो गया। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहला मामला नहीं है। इससे पूर्व भी तुलेश्वर यादव पर छात्राओं से छेड़छाड़ करने का आरोप लगा था, लेकिन हर बार मामले को दबा दिया गया। इस बार गंभीर आरोप सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की है।

