Gumla News:- झारखंड पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। मंगलवार देर रात गुमला जिले के कामडारा थाना क्षेत्र अंतर्गत पारही जंगल के चंगाबाड़ी इलाके में हुई मुठभेड़ में कुख्यात नक्सली और पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (PLFI) का कमांडर मार्टिन केरकेट्टा मारा गया। उस पर सरकार ने 15 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
गुमला के एसपी हरिश बिन जमा को चंगाबाड़ी ऊपरटोली क्षेत्र में नक्सलियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली थी। इसी आधार पर स्थानीय थाना बल, QRT टीम और दो थाना क्षेत्रों की पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन चलाया। जैसे ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, उग्रवादियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में मार्टिन केरकेट्टा मारा गया।
पुलिस को घटनास्थल से हथियार और खून के निशान भी मिले हैं, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि अन्य नक्सली भी घायल हुए हैं। पुलिस को अंदेशा है कि मुठभेड़ के वक्त 12 से ज्यादा नक्सली केरकेट्टा के साथ मौजूद थे, जो भाग निकले। इलाके में अब भी सर्च ऑपरेशन जारी है।
मार्टिन केरकेट्टा, गुमला के कामडारा प्रखंड स्थित रेड़मा गांव का निवासी था। वह पीएलएफआई सुप्रीमो दिनेश गोप का करीबी था और उसके पकड़े जाने के बाद संगठन की कमान संभाल रहा था। दोनों ने लापुंग के महुगांव स्कूल में साथ पढ़ाई की थी और बाद में नक्सली संगठन का विस्तार भी मिलकर किया।
एनआईए ने टेरर फंडिंग के एक मामले में भी मार्टिन पर केस दर्ज किया था। उसकी मौत से पीएलएफआई को एक बड़ा झटका लगा है।

