East Champaran News:- पूर्वी चंपारण जिले की पुलिस ने अपनी तत्परता और मुस्तैदी से एक निर्दोष की हत्या होने से बचा ली। गुरुवार देर शाम पकड़ीदयाल डीएसपी चंदन कुमार के नेतृत्व में राजेपुर थाना की पुलिस टीम ने तेतरिया के फौजदार चौक पर वाहन चेकिंग के दौरान दो युवकों को संदिग्ध स्थिति में पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके पास से एक कट्टा, 14 कारतूस, एक चाकू, तीन स्मार्टफोन और एक बाइक बरामद की गई। गिरफ्तार दोनों बदमाशों की पहचान पीपरा थाना क्षेत्र के चकबारा गांव निवासी मुना पासवान और मेघु पासवान के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने चौंकाने वाला खुलासा किया कि वे राजेपुर थाना क्षेत्र के महमदपुर सागर गांव निवासी रमेश तिवारी की हत्या करने जा रहे थे। इस हत्या के लिए उन्हें उसी गांव के राम निवास तिवारी ने दो लाख रुपये की सुपारी दी थी। आरोपितों ने बताया कि हत्या के बाद उन्हें शेष राशि दी जाती।
दोनों बदमाशों के बयान के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साजिशकर्ता राम निवास तिवारी को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में राम निवास ने स्वीकार किया कि उसका अपने पट्टीदार रमेश तिवारी से भूमि विवाद चल रहा था। इसी कारण उसने उसकी हत्या कराने की योजना बनाई थी।
राजेपुर थानाध्यक्ष कुमार सौरभ ने बताया कि तीनों आरोपितों से आवश्यक पूछताछ पूरी कर ली गई है और शुक्रवार को उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जाएगा।
उधर, एसपी स्वर्ण प्रभात ने इस पूरे मामले का खुलासा करने और निर्दोष की जान बचाने के लिए पुलिस टीम की सराहना की है। उन्होंने टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा भी की है।
इस सफल कार्रवाई ने न केवल एक जान बचाई बल्कि यह भी साबित किया कि पुलिस की सतर्कता से अपराधियों के मंसूबों पर समय रहते पानी फेरा जा सकता है।

