Jamashedpur News:- झारखंड पुलिस ने एक बार फिर अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए चेन छिनतई गिरोह का भंडाफोड़ किया है। साकची थाना पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इनके पास से एक बुलेट मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है, जिसका इस्तेमाल घटनाओं में किया जा रहा था। यह मामला 15 जुलाई का है, जब बुलेट सवार दो युवकों ने साकची क्षेत्र में एक महिला से सोने की चेन छीन ली थी। घटना के बाद पुलिस लगातार आरोपितों की तलाश में जुटी थी। गुप्त सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर आरोपितों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मानगो आजाद बस्ती रोड नंबर 13 निवासी शाहबाज शेख उर्फ भाबु (23), साजिद भोख अमान बिल्ला और चेन खरीदने वाले वसिम अकरम उर्फ चंदु के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि शाहबाज और साजिद स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम देते थे, जबकि वसिम अकरम उनसे चेन खरीदता था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ये आरोपी लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय थे और लगातार महिलाओं को निशाना बना रहे थे। बुलेट मोटरसाइकिल का इस्तेमाल कर ये अपराधी तेज रफ्तार में भाग निकलते थे, जिससे पकड़ में आना मुश्किल हो जाता था।
गुरुवार को सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पुलिस की लगातार कोशिश है कि शहर में स्नैचिंग और लूट जैसी घटनाओं पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके। इस गिरफ्तारी से गिरोह का नेटवर्क काफी हद तक ध्वस्त हो गया है और आगे भी अपराधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की जानकारी मिले तो तुरंत थाने को सूचित करें। पुलिस ने आश्वासन दिया कि अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।

