Khunti News:- खूंटी जिले के कर्रा थाना क्षेत्र में 29 अप्रैल को हुए फ्लिपकार्ट हब इंचार्ज से हथियार के बल पर लूट की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस लूटकांड में शामिल चार युवकों को गिरफ्तार कर उनके पास से देसी पिस्टल, जिंदा कारतूस, लूट में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रोहित लोहरा (19, टिमड़ा बरटोली), पंकज राम (19, तुतटोली एरेंडा), आशुतोष कुमार राम (18) और संदीप कुमार (24, सभी खूंटी निवासी) के रूप में हुई है। इन चारों ने पुलिस पूछताछ में अपराध स्वीकार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि लूट की जांच के क्रम में गुप्त सूचना मिली कि सभी आरोपी अपने घरों में छिपे हुए हैं। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस निरीक्षक फ्रांसिस जेवियर बाड़ा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने कर्रा और खूंटी थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर सभी आरोपितों को धर दबोचा। पूछताछ में खुलासा हुआ कि लूट के दौरान इन्होंने फ्लिपकार्ट हब इंचार्ज से मोबाइल फोन लूटे थे और घटना को अंजाम देने के लिए डोमिनार बाइक का उपयोग किया गया था।
एसपी ने यह भी बताया कि गिरफ्तार संदीप कुमार का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ तोरपा थाना में पूर्व में भी लूट के तीन मामले दर्ज हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
छापेमारी टीम में कर्रा थाना प्रभारी मनीष कुमार, एसआई मुकेश कुमार यादव, दीपक कांत कुमार, खूंटी थाना के एसआई अरुण कुमार समेत तकनीकी और सशस्त्र बलों के कर्मी शामिल थे।

