Chatra News:- जिला प्रशासन और उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता मिली है। उपायुक्त श्रीमती कीर्तिश्री के निर्देश पर उत्पाद विभाग ने गुरुवार को अवैध विदेशी शराब की मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। यह फैक्ट्री किसी मकान या गोदाम में नहीं, बल्कि एक महिंद्रा ट्रैक्टर पर चल रही थी। आरोपी ने ट्रैक्टर को ही चलंत मिनी फैक्ट्री का रूप दे रखा था और वहीं नकली शराब तैयार कर बाजार में खपाने की तैयारी की जा रही थी।
गुप्त सूचना पर वशिष्ठ नगर थाना क्षेत्र के कटैया गांव में छापेमारी की गई। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी मुन्ना साव इस पूरे गोरखधंधे का मास्टरमाइंड है। पुलिस से बचने के लिए उसने ट्रैक्टर पर ही स्प्रिट, कृत्रिम कैरेमल और एसेंस मिलाकर नकली शराब बनाना शुरू कर दिया था। इसके बाद शराब को रॉयल स्टैग, मैकडॉवेल नंबर वन और इंपीरियल ब्लू जैसे नामी ब्रांड की बोतलों में भरकर उन पर नकली लेबल और होलोग्राम चिपका दिए जाते थे।
पुलिस ने मौके से 504 बोतलें (189 लीटर) अवैध विदेशी शराब जब्त की हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में नकली लेबल, विभिन्न ब्रांडों के ढक्कन, पैकिंग उपकरण और कैरेमल भी बरामद किए गए। सबसे अहम बात यह रही कि शराब बनाने के लिए इस्तेमाल हो रहा महिंद्रा ट्रैक्टर भी जब्त कर लिया गया है।
प्रशासन को आशंका है कि दशहरा पर्व के दौरान इस नकली शराब को बाजार में उतारने की तैयारी चल रही थी। आरोपी मुन्ना साव पहले से ही एक आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। छापेमारी के दौरान मुन्ना साव और उसका साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने जंगलों में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
उत्पाद अधीक्षक, चतरा ने कहा कि यह कार्रवाई जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे अवैध शराब के खिलाफ सख्त अभियान का हिस्सा है। आने वाले दिनों में भी ऐसे अवैध कारोबारियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

