Khunti News:- झारखंड के खूंटी जिले में बैट्री चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने महज 12 घंटे में ही मामले का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार कर चोरी की 31 बैट्री, तीन मोबाइल फोन, एक होंडा सिटी कार और चोरी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं। खूंटी के पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो ने बुधवार को बताया कि मंगलवार की रात तोरपा क्षेत्र में बैट्री चोरी की घटना सामने आई थी। चोर बैट्रियों को एक होंडा सिटी कार से रांची ले जा रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। सर्किल इंस्पेक्टर अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तोरपा, रनिया, जरियागढ़, मुरहू थाना और खादगढ़ा (रांची ओपी) पुलिस की संयुक्त छापामारी में कार मालिक शहादत अहमद उर्फ शाहिल को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर वाहन से चोरी की गई 19 बैट्रियां बरामद हुईं।
इसके बाद घटना में शामिल अन्य तीन अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपितों में कांटाटोली निवासी मोहम्मद मिन्हाज अंसारी उर्फ मीनू और मोहम्मद अकबर कुरैशी शामिल हैं। उनकी निशानदेही पर रांची के दीपाटोली और बांधगाड़ी स्थित कबाड़ी दुकान से 12 और बैट्रियां बरामद की गईं। ये बैट्रियां कबाड़ी कारोबारी धन प्रकाश साह ने छुपाकर रखी थीं, जो मूल रूप से बिहार के बेगूसराय जिले का निवासी है और फिलहाल बीआईटी चुटू, रांची में रह रहा है।
एसपी ने बताया कि आरोपितों ने पुलिस के सामने चोरी की बात स्वीकार कर ली है। गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
इस अभियान में तोरपा थाना प्रभारी मुकेश कुमार हेम्ब्रम, जरियागढ़ थाना प्रभारी बिरेन्द्र कुमार, खादगढ़ा टीओपी प्रभारी दिवाकर कुमार सहित कई पुलिस अधिकारी और जवान शामिल थे। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।

