Palamu News:- पलामू जिले की छत्तरपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय लुटेरों के एक खतरनाक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। बीते 30 सितंबर की रात मंदेया ओवरब्रिज के पास हथियार के बल पर मोबाइल लूट की घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन के आदेश पर डीएसपी अवध यादव के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने इस गिरोह के सरगना डब्लू प्रसाद साव समेत पांच आरोपितों को दबोचा। पुलिस ने इनके पास से लूटा गया मोबाइल, तीन बाइक, 16 अन्य मोबाइल फोन, एक गैस सिलेंडर, एक ल्यूमिनस बैटरी, एक देसी कट्टा और जिंदा कारतूस भी बरामद किया है।
पकड़े गए अपराधी लंबे समय से राहगीरों और बाइक सवारों को पिस्तौल दिखाकर लूटपाट की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। पूछताछ में सामने आया कि गिरोह का सरगना डब्लू प्रसाद साव छत्तरपुर प्रखंड के खेंद्रा कला गांव का निवासी है और छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज में हुई चर्चित राजेश ज्वेलर्स से पांच करोड़ के सोना लूट कांड में भी शामिल रह चुका है। उसके खिलाफ बिहार के अंबा, औरंगाबाद और छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज सहित कई थानों में आठ मामले दर्ज हैं।
गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान भी पुलिस ने कर ली है। इनमें गुरदी गांव का सुशील कुमार यादव उर्फ छोटू यादव शामिल है, जिस पर छत्तरपुर थाने में चार मामले दर्ज हैं। वहीं नौडीहा खजूरी निवासी रितेश कुमार पासवान पर तीन, खाटीन गांव के छोटू कुमार उर्फ बाबा पर तीन और उसी गांव के ओमप्रकाश कुमार पर भी तीन मामले दर्ज हैं।
पुलिस का कहना है कि इस गिरोह की गिरफ्तारी से जिले में लगातार हो रही लूटपाट और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगेगा। जांच टीम अब गिरोह के नेटवर्क और अन्य राज्यों से इसके तार खंगाल रही है।

