Chaibasa News:- जिले के मंझारी थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मिलावटी अंग्रेजी शराब बरामद कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में शराब और बीयर जब्त की है।
सदर चाईबासा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टूटी ने बताया कि 9 दिसंबर को कुन्दरुगुटु गांव में एक किराना दुकान से बड़ी मात्रा में मिलावटी अंग्रेजी शराब बरामद की गई। मौके से दुकान संचालक कुन्दरा तांती को गिरफ्तार किया गया।
कुन्दरा तांती की निशानदेही पर पुलिस ने हाटगम्हरिया और टोंटो थाना क्षेत्रों में दो अन्य स्थानों पर भी छापेमारी की। इस कार्रवाई में यदुनाथ लागुरी और हरिश चंद्र लागुरी को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि छापेमारी के दौरान कुल 111 बोतल 180 एमएल, 19 बोतल 375 एमएल, 14 बोतल 750 एमएल अंग्रेजी शराब के साथ-साथ 27 बोतल बीयर और चार मोबाइल फोन जब्त किए गए।
पुलिस अधिकारी ने चेतावनी दी कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

