Chaibasa News:- जिला के बड़ाजामदा ओपी क्षेत्र में नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। यह वारदात 21 जुलाई की शाम करीब सात बजे तब घटी, जब पीड़िता शौच के लिए घर से कुछ दूरी पर गई थी। घात लगाए तीन दरिंदों ने उसे अकेली पाकर जबरन दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया और धमकी देकर फरार हो गए।
घटना के कुछ दिन बाद स्थानीय लोगों की चर्चा से मामले की जानकारी छात्रा के माता-पिता को हुई। इसके बाद पीडिता के माता-पिता ने चार अगस्त को थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। इसपर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छात्रा का मेडिकल जांच चाईबासा सदर अस्पताल में कराया और संदेह के आधार पर दो आरोपितों कर्मू रजक और सन्नी नायक को गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेज दिया।
दोनों आरोपित दीशुदा हैं और बच्चों के पिता हैं। तीसरा आरोपित फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है। पीड़िता के माता-पिता दूसरे राज्य में काम करते हैंं। इससे उन्हें घटना की खबर देर से मिली। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की छानबीन शुरू कर दी है।

