Dhanbad News:- हरिहरपुर थाना क्षेत्र के हरिहरपुर गांव में एक प्रेम प्रसंग को लेकर हुई हत्या मामले में पुलिस ने दो और आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले इस मामले में पहले ही एक आरोपी और हत्या में प्रयुक्त तलवार को जब्त किया जा चुका था। अब तक इस मामले में कुल तीन लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
सर्किल इंस्पेक्टर असीम कुमार टोपनो ने रविवार को बताया कि पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर युवती की नानी अंजनी देवी और युवती नीलम कुमार उर्फ खुशी को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली है और उन्हें आज जेल भेजा जा रहा है।
मृतक कपिल राय के परिजनों ने इस मामले में कुल आठ लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है। जानकारी के अनुसार, कपिल राय शादीशुदा थे और छह माह के बच्चे के पिता थे। उनके और एक गांव की युवती के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी विवाद में युवती के परिजनों ने कपिल की धारदार हथियार से हत्या कर शव को अपने घर में छिपा दिया था।
घटना के बाद पुलिस ने देर रात भारी विरोध के बावजूद शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं, शनिवार को ग्रामीणों और परिजनों ने हरिहरपुर थाना का घेराव कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की और प्रदर्शन किया।
इस हत्या ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है और प्रेम प्रसंग से जुड़े हिंसक मामलों पर लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है और बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

