Jamshedpur News:- झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में स्थित बोड़ाम थाना क्षेत्र के धोबनी गांव में एक बुजुर्ग महिला की निर्मम हत्या से सनसनी फैल गई है। गुरुवार को पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल तीन महिलाओं को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
हत्या की गई महिला की पहचान 65 वर्षीय भावी सिंह के रूप में हुई है। वह सोमवार की सुबह लगभग 10 बजे पेंशन की राशि निकालने के लिए कुईयानी गांव के सीएससी सेंटर जा रही थीं। रास्ते में जब वह तीन आरोपित महिलाओं के घर के पास से गुजर रही थीं, तब पीछे से हमला कर दिया गया।
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान उलासी सिंह, रवनी सिंह और सोमवार सिंह के रूप में की गई है। पूछताछ में तीनों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली है। उन्होंने बताया कि भावी सिंह से पुरानी रंजिश थी, जिसके चलते उन्होंने पहले से साजिश रची और हत्या को अंजाम दिया।
हमले के दौरान एक महिला ने दावली (तेजधार वाला हथियार) से भावी सिंह की गर्दन और शरीर पर कई वार किए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इसके बाद शव को पास की झाड़ियों में फेंक दिया गया ताकि किसी को भनक न लगे। चूंकि इलाका सुनसान जंगल से घिरा हुआ था, इसलिए दिन के उजाले में भी किसी ने कुछ नहीं देखा।
घटना की जानकारी मृतका के बेटे अर्जुन सिंह ने पुलिस को दी, जिन्होंने तीनों महिलाओं के साथ पुरानी दुश्मनी की बात बताई। पुलिस ने सटीक जांच करते हुए तीनों को हिरासत में लिया और पूछताछ में सच्चाई सामने आ गई।
पुलिस ने हत्या और साक्ष्य छिपाने के आरोप में मामला दर्ज कर, तीनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। मामले में जांच जारी है।

