Chatra News:- झारखंड के चतरा जिले की पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने चार तस्करों को दबोचते हुए उनके पास से ब्राउन शुगर और नकदी बरामद की। शनिवार को चतरा एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने प्रेस वार्ता कर बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि कुछ लोग ब्राउन शुगर की बड़ी खेप लेकर सौदेबाजी करने वाले हैं। इसके बाद एसडीपीओ संदीप सुमन के नेतृत्व में सदर थाना पुलिस की विशेष टीम गठित की गई और रामटुण्डा फुटबॉल मैदान में छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 253 ग्राम ब्राउन शुगर, 9 लाख 9 हजार 500 रुपये नकद और दो लग्जरी वाहन – ब्रेजा और स्विफ्ट – जब्त किए। मौके से चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पत्थलगड़ा निवासी जितेंद्र साहु, गिद्धौर थाना क्षेत्र के बहादुर दांगी, प्रेमनाथ दांगी और अनुज दांगी के रूप में की गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार ये सभी आरोपी रामटुण्डा फुटबॉल मैदान में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की फिराक में थे। इससे साफ होता है कि नशे का यह नेटवर्क जिले में सक्रिय है। बरामद ब्राउन शुगर की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लाखों रुपये बताई जा रही है।
एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने कहा कि चतरा पुलिस लगातार नशा कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है और आने वाले दिनों में यह अभियान और तेज किया जाएगा। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि नशे के कारोबार की सूचना पुलिस को तुरंत दें ताकि इस अवैध धंधे पर पूरी तरह से रोक लगाई जा सके।
इस बड़ी कार्रवाई से पुलिस ने एक बार फिर नशे के गिरोह को करारा झटका दिया है। जिले में लगातार हो रही छापेमारी से तस्करों में हड़कंप मच गया है।

