Hazaribag News:- हजारीबाग पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 2.7 किलोग्राम अफीम के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जिले के पेलावल ओपी क्षेत्र के छड़वा डैम के पास गुरुवार देर रात की गई।
पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर अफीम की बड़ी खेप लेकर पंजाब भेजने की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अमित कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने छापेमारी करते हुए मौके से चार तस्करों को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान संदीप कुमार, मोहम्मद जाहिद आलम, मोहम्मद सहजाद उर्फ सोनू (तीनों चतरा निवासी) और मंजीत सिंह (लुधियाना, पंजाब) के रूप में की गई है। पुलिस ने उनके पास से 2.7 किलो अफीम, तीन मोटरसाइकिलें, एक छह चक्का ट्रक (नं० PB10 HG0296) और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि छापेमारी के दौरान आरोपित भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि वे लंबे समय से अफीम की अवैध तस्करी में शामिल हैं और बरामद खेप को लुधियाना (पंजाब) ले जाने की योजना थी।
इस संबंध में कटकमसांडी थाना (पेलावल ओपी) में मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपितों से पूछताछ जारी है।
छापेमारी दल में अपर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के साथ पुलिस निरीक्षक शाहिद रजा, उपनिरीक्षक वेद प्रकाश पांडेय, तथा तकनीकी शाखा और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस ने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। हजारीबाग पुलिस ने कहा कि अफीम और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि जिले को नशामुक्त बनाया जा सके।

