Palamu News:- पलामू जिले की लेस्लीगंज पुलिस ने रविवार को अफीम डोडा की तस्करी में शामिल चार तस्करों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने बैरिया मोड़ के पास वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान एक सफेद रंग की इरटिगा कार (फर्जी नंबर JH-01-FB-4879) को रोका गया।
जांच के दौरान पुलिस को शक हुआ, जिसके बाद वाहन की गहन तलाशी ली गई। तलाशी में कार से ओरिजनल नंबर प्लेट (UP-25-EL-3625), चार मोबाइल फोन और 30 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। पूछताछ में खुलासा हुआ कि कार पर लगी नंबर प्लेट फर्जी थी और वाहन का असली रजिस्ट्रेशन उत्तर प्रदेश का है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर उत्तर प्रदेश के बरेली और बदायूं जिले के रहने वाले हैं। इनमें फिरोज अहमद अंसारी (39), इरफान (31), अभय प्रताप सिंह (40) और शाहनवाज शामिल हैं। ये सभी अफीम डोडा की खरीद के लिए झारखंड के पिपराटांड़ और चतरा इलाके में पहुंचे थे।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि तस्करों ने पहले ही लगभग आठ लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए भेज दिए थे, ताकि सौदा पूरा किया जा सके। यह गिरोह लंबे समय से नशीले पदार्थों की तस्करी में सक्रिय था और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से झारखंड तक नेटवर्क फैला रखा था।
लेस्लीगंज थाना प्रभारी की टीम ने सभी को गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ थाना कांड संख्या 154/25 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपितों को सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
इस पूरे अभियान की जानकारी पलामू की एसपी रिष्मा रमेशन ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर साझा की। उन्होंने कहा कि जिले में नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

