Jamshedpur News:- थाना पुलिस ने रविवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए कल्याण नगर स्थित स्वर्णरेखा नदी किनारे अपराध की योजना बना रहे चार अपराधियों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से एक देशी कट्टा, एक पिस्टल, दो मोबाइल फोन और एक काले रंग का पैड मोबाइल बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपितों को सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
इस मामले की जानकारी सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने सोमवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि रविवार रात करीब 11 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ युवक नदी किनारे हथियारों के साथ किसी गंभीर वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही डीएसपी हेडक्वार्टर वन भोला प्रसाद सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस को देखते ही अपराधी भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने चार आरोपितों को खदेड़कर पकड़ लिया। गिरफ्तार युवकों की पहचान —
किशन गगराई (19) निवासी कल्याण नगर ह्यूम पाइप एरिया,
मंगल गगराई (21),
करन मुंडारी उर्फ झंटू (25) और
अभय नामता (23) के रूप में की गई है।
सिटी एसपी ने बताया कि ये सभी युवक पहले भी विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में शामिल रह चुके हैं। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि वे किस वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे और उनके अन्य सहयोगी कौन हैं।
छापेमारी दल में थाना प्रभारी निरंजन कुमार, एसआई सूरज प्रसाद, अक्षय कुमार, राजेश कुमार, एएसआई महेन्द्र सिंह और लालमणि प्रसाद प्रजापति सहित कई पुलिसकर्मी शामिल थे।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला किसी बड़ी आपराधिक साजिश से जुड़ा प्रतीत होता है। पूरे इलाके में गश्त और निगरानी बढ़ा दी गई है।

