Khunti News:- जिले की पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सायको थाना क्षेत्र के जिउरी जंगल में अपराध की योजना बना रहे चार कुख्यात अपराधियों को पुलिस ने हथियारों के साथ धर दबोचा। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो ने गुरुवार को प्रेस कांफ्रेंस कर पूरी जानकारी दी।
एसपी ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी तजना नदी पुल के पास जंगल में बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के बाद एसडीपीओ वरुण रजक के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर जंगल में ताबड़तोड़ छापेमारी की गई, जहां से चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
अपराधियों का आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार अपराधियों में सभी के खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं:
चंदा पाहन (23), गुटुहातू गांव: मुरहू थाना में हत्या व मारंगहादा थाना में आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज।
राम सहाय मुंडा उर्फ ताता (26), जानुमपीड़ी, सोयको: सोयको थाना में हत्या के मामले में वांछित।
अमरजीत पूर्ति उर्फ चोड़या (20), उलिहातू बारगी: मुरहू थाना में हत्या, मारंगहादा में आर्म्स एक्ट के तहत नामजद।
पांडू मुंडा (30), जोजोहातू, मारंगहादा: हत्या व आर्म्स एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज।
बरामद हथियार और सामग्री
पुलिस ने चंदा पाहन और अमरजीत पूर्ति के पास से दो देसी कट्टा और चार गोलियां बरामद की हैं। इसके अलावा, अन्य आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन और ड्रैगन स्प्रिंग चाकू भी जब्त किए गए हैं।
छापेमारी टीम
इस सफल कार्रवाई में एसडीपीओ वरुण रजक, थाना प्रभारी प्रभात रंजन पाण्डेय, सब इंस्पेक्टर रामाकांत सिंह, हवलदार प्रदीप संगा, पितरूस बाड़ा, सुभीत कुजूर, पवन कुमार, आरक्षी धर्मेंद्र भगत सहित पुलिस बल की अहम भूमिका रही।

