Latehar News:- लातेहार पुलिस ने शनिवार को बड़ी सफलता हासिल की। एसपी कुमार गौरव को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने बरियातू थाना क्षेत्र में विशेष छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने पांच अफीम तस्करों को गिरफ्तार किया और उनके पास से करीब 11 लाख रुपए मूल्य का अवैध डोडा जब्त किया। गिरफ्तार तस्करों की पहचान मो. अबु तालिब, मोहन कुमार, कुमार राहुल सिंह, प्रमोद सिंह भोगता और उमेश साव के रूप में हुई है। सभी आरोपी चतरा जिले के रहने वाले बताए जाते हैं। पुलिस ने मौके से दो वाहन भी जब्त किए जिनमें डोडा छिपाकर ले जाया जा रहा था।
बालूमाथ डीएसपी विनोद रवानी ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि तस्कर अवैध डोडा लेकर चतरा की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही अंचलाधिकारी कोकिला कुमारी की मौजूदगी में वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान दो गाड़ियों से लगभग 78 किलोग्राम डोडा बरामद किया गया।
डीएसपी ने बताया कि आरोपी हिसरी और मुक्की गांव के रहने वाले इन्द्रदेव प्रजापति से डोडा खरीदकर चतरा ले जा रहे थे। पकड़े गए तस्करों से पूछताछ में कई अहम जानकारियां हाथ लगी हैं, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का मानना है कि यह नेटवर्क बड़ा है और इसमें अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस अब अन्य तस्करों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है।
इस कार्रवाई में डीएसपी विनोद रवानी, अंचलाधिकारी कोकिला कुमारी और बरियातू थाना प्रभारी रंजन कुमार पासवान सहित अन्य पुलिस कर्मियों की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस की इस सफलता से इलाके में नशे के अवैध कारोबार पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।

