Araia News:- बिहार के अररिया जिले के बथनाहा थाना क्षेत्र में एसएसबी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 किलो गांजा बरामद किया है। इस दौरान मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार भी किया गया। यह कार्रवाई पथरदेवा गांव में गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसमें सीमा पार से तस्करी कर लाए गए गांजा को पकड़ा गया।
जानकारी के अनुसार, एसएसबी पथरदेवा बीओपी प्रभारी उपनिरीक्षक सूरत सिंह चौहान को सूचना मिली कि नेपाल सीमा के पास स्थित पिलर संख्या-186 से एक संदिग्ध व्यक्ति बोरे में कुछ सामान लेकर भारतीय क्षेत्र में स्थित एक घर के अंदर गया है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसएसबी ने तुरंत एक टीम गठित की और पथरदेवा गांव की ओर रवाना हो गई।
टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध घर की घेराबंदी की और इसकी सूचना बथनाहा थाना पुलिस को दी। पुलिस के पहुंचने के बाद घर की संयुक्त तलाशी ली गई, जिसमें 9 किलो गांजा बरामद हुआ। इस अवैध कारोबार में संलिप्त आरोपी विजय कुमार दास, पिता महेंद्र दास को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी तस्करी कर गांजा लाने और स्थानीय स्तर पर सप्लाई करने में शामिल था।
एसएसबी और पुलिस की इस कार्रवाई को सीमा पार से होने वाली मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। जांच टीम का मानना है कि यह तस्करी नेपाल की ओर से होती है और स्थानीय तस्कर इसमें सक्रिय भूमिका निभाते हैं।
गांजा बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी पर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि तस्करी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं तथा गांजा की सप्लाई कहां की जानी थी।
जिले में लगातार बढ़ रही तस्करी की घटनाओं को देखते हुए सीमा क्षेत्र में गश्त और निगरानी और अधिक बढ़ाई जा रही है। एसएसबी का कहना है कि सीमा पार से आने वाले हर संदिग्ध मूवमेंट पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

