Jamshedpur News:- जिले में उलीडीह थाना पुलिस ने एक बार फिर नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार को डिमना चौक इलाके में गांजा बेचने की फिराक में घूम रहे एक युवक को पुलिस ने रंगे हाथों पकड़ लिया। पकड़े गए युवक की पहचान गोविंदा डे के रूप में हुई है, जो गोलमुरी थाना क्षेत्र के आकाशदीप प्लाजा के पीछे का निवासी बताया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, उलीडीह थाना को गुप्त सूचना मिली थी कि डिमना चौक के पास एक युवक अवैध रूप से गांजा बेचने की कोशिश कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी के निर्देश पर एसआई रविंद्र पांडेय के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इसके बाद टीम ने बिना देर किए डिमना चौक क्षेत्र में छापेमारी की।
जैसे ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, युवक को चारों ओर से घेर लिया गया। खुद को फंसा देख वह भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए पीछा कर उसे पकड़ लिया। जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके पास से 230 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया और गुरुवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस इस मामले में यह भी जांच कर रही है कि युवक किसी बड़े गिरोह से जुड़ा है या नहीं। साथ ही, गांजा की आपूर्ति कहां से होती थी, इसकी भी पड़ताल शुरू कर दी गई है।

