Patna News : राजधानी पटना के बिहटा में अवैध बालू खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची जिला खनन विभाग की टीम पर अचानक हमला कर दिया गया। यह घटना बिहटा थाना क्षेत्र के परेव सोन बालू घाट की है, जहां गुप्त सूचना के आधार पर रविवार को टीम ने छापेमारी की थी। मौके से करीब एक दर्जन बालू लदे ट्रैक्टर जब्त किए गए थे। लेकिन कार्रवाई शुरू होते ही हालात बिगड़ गए और 200 से अधिक लोगों की भीड़ ने टीम को घेर लिया।
ईंट-पत्थर चले, ट्रैक्टर छुड़ाकर ले गए
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बालू माफियाओं ने जब्त किए गए ट्रैक्टरों को छुड़ाने के लिए ईंट-पत्थर चलाने शुरू कर दिए। इस हमले में गृह रक्षक जवान जितेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें सिर में चोट लगी। घायल जवान ने बताया कि घाट पर 25 से 30 बालू लदे ट्रैक्टर खड़े थे और धड़ल्ले से लोडिंग का काम चल रहा था। जैसे ही टीम ने कार्रवाई शुरू की, भीड़ उग्र हो गई और हमला कर दिया। कई ट्रैक्टर मौके से छुड़ाकर भगा लिए गए।
पुलिस पहुंची, दर्ज हुई FIR
घटना की सूचना मिलते ही बिहटा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया। खनन इंस्पेक्टर गोविंद कुमार ने बताया कि अवैध खनन की पुख्ता सूचना पर टीम कार्रवाई करने पहुंची थी। थाना प्रभारी अमित कुमार के मुताबिक, मामले में 50 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और हमलावरों की पहचान की जा रही है।
Read More : Deoghar News : उद्योगपति गौतम अडानी देवघर पहुंचे, बाबा बैद्यनाथ धाम में की विशेष पूजा-अर्चना
अवैध खनन पर फिर उठे सवाल
इस घटना ने एक बार फिर राजधानी पटना में अवैध बालू खनन के संगठित नेटवर्क पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खुलेआम हो रहे खनन और प्रशासनिक टीम पर हमला यह दर्शाता है कि माफियाओं के हौसले कितने बुलंद हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में कितनी सख्ती दिखाता है।

