Palamu News:- लगातार दो पुत्री होने पर पलामू जिले की तरहसी की बेटी 26 वर्षीया रेशमा कुमारी, पति मुकेश कुमार की हत्या कर दी गई। उसका शव लातेहार जिले के गारू स्थित कोयल नदी से बरामद किया गया। शव बालू में दफना दिया गया था। तीन चार दिनों तक बालू में गड़े रहने के कारण शव खराब हो गयी थी, बावजूद कपड़े से सोमवार को शव की पहचान की गई। घटना के बाद से पति फरार है।
इस संबंध में मृतका के पिता तरहसी थाना क्षेत्र आरका के सरयू प्रसाद ने दामाद के अलावा समधी भवानी साहू, समधन वैजयंती देवी, भसुर राजेश प्रसाद, उसकी पत्नी देवंती देवी, ननद गुड़िया गुप्ता के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है। पति गारू प्रखंड कार्यालय में कंप्यूटर ऑपरेटर है। गारू में ही कमरा लेकर रहता है। पुलिस कुछ संदिग्ध लोगों को थाना लाकर पूछताछ कर रही है। हालांकि अभी तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। थाना प्रभारी पारसमणि मामले में छानबीन कर रहे है।
उल्लेखनीय है कि 16 मई को गारू के लुहूरटॉड़ स्थित कोयल नदी से रेशमा का शव दफनाये अवस्था में बरामद किया गया था। एक हाथ बाहर निकल जाने पर एक कुत्ते के कारण शव होने की जानकारी हुई थी। तत्काल शव की पहचान नहीं हुई थी।
इधर रेशमा के मायके पक्ष ने मीडिया में अज्ञात महिला का शव बरामद होने से संबंधित समाचार चलने के बाद उन्होंने पूरी जानकारी ली और फिर डेड बॉडी को देखकर पहचान की। रेशमा का ससुराल लातेहार के सुकरी में है। मायके पक्ष के अनुसार रेशमा डालटनगंज में रहकर अपनी दो बेटियों को पढ़ाती थी। 12 मई को मुकेश दोनों बेटियों को लेने के लिए डालटनगंज आया था। उसके बाद से रेशमा भी गायब हो गई और उसका मोबाइल लगातार स्विच ऑफ बता रहा था।
मायके पक्ष के लोगों ने पति समेत अन्य लोगों पर दहेज नहीं देने, लगातार दो बेटी होने, मृतका के पति का किसी और महिला से अवैध संबंध होने पर उसका विरोध करने के कारण हत्या कर देने का आरोप लगाया है।
रेशमा की शादी 22 अप्रैल 2016 को हुई थी। उसकी दो बेटी है। बड़ी बेटी क्लास 2, जबकि छोटी वाली यूकेजी में पढ़ती है। रेशमा के साथ उसके भसुर राकेश प्रसाद ने वर्ष 2017 में मारपीट की थी। इस संबंध में मामला दर्ज है और केस चल रहा है। परिजनों का आरोप है कि मृतका का भसुर नक्सली गतिविधियों से जुड़ा रहता है और मर्डर का भी आरोपित है।

