Palamu News:- पलामू पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन क्विंटल से अधिक अवैध डोडा के साथ आठ तस्करों को गिरफ्तार किया है। साथ ही तस्करों के पास से ₹32,90,400 नकद, चार लग्जरी वाहन, 12 मोबाइल और अन्य सामग्री जब्त की गई है। यह कार्रवाई पिपराटॉड थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर की गई। जानकारी के अनुसार, डब्लू यादव नामक स्थानीय व्यक्ति के सहयोग से पंजाब के डोडा तस्कर इलाके से डोडा की बड़ी खेप निकालने की फिराक में थे।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, लेस्लीगंज (पांकी) के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन हुआ। डेसातु-पांकी-लावालौंग मार्ग पर जंगल के किनारे छापामारी कर पुलिस ने चार वाहनों से 3 क्विंटल 14 किलो डोडा और चार तस्करों को मौके पर धर दबोचा।
पूछताछ में मिली जानकारी के बाद डब्लू यादव, उसके दो पुत्र पिन्टू और रिंकू, तथा एक अन्य स्थानीय सहयोगी को भी गिरफ्तार किया गया।गिरफ्तार अभियुक्तों में लुधियाना (पंजाब) के चार और पलामू जिले के चार तस्कर शामिल हैं। उनके पास से दो होंडा सिटी कार, दो बोलेरो, एक लाल रंग की डायरी (जिसमें तस्करी का ब्यौरा दर्ज है), और कुल 12 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। इस कार्रवाई में IRB-10 के जवानों सहित पिपराटॉड और पांकी थाना के पुलिसकर्मी शामिल थे।
पलामू पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई ने यह साबित कर दिया है कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर नकेल कसने को लेकर पुलिस गंभीर है, और ऐसे अपराधियों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

