Jamshedpur News:- कदमा थाना क्षेत्र के भाटिया बस्ती में शनिवार देर रात एक पेंटर ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान संजय कुमार (43) के रूप में हुई है। रविवार सुबह जब परिजन उसे जगाने उसके कमरे में पहुंचे, तो वह फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
सूचना मिलने पर कदमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रविवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद अंतिम संस्कार किया गया।
परिजनों ने बताया कि संजय कुमार पेशे से पेंटर था और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। घटना के समय उसकी पत्नी मायके गई हुई थी। वर्ष 2011 में उसकी शादी हुई थी और उसका एक छोटा बच्चा भी है।
परिवार के सदस्यों के अनुसार, संजय और उसकी पत्नी के बीच घरेलू बातों को लेकर अक्सर नोकझोंक होती रहती थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि संजय स्वभाव से शांत और मिलनसार था, लेकिन बीते कुछ समय से पारिवारिक तनाव के कारण मानसिक रूप से परेशान चल रहा था।
हालांकि आत्महत्या के पीछे का स्पष्ट कारण अब तक सामने नहीं आ सका है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और परिजनों व आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। इस घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल व्याप्त है।

