Palamu News:- झारखंड के पलामू जिले में पिछले 24 घंटों के भीतर हुई दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं ने दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। एक हादसे में चार वर्षीय मासूम की जान चली गई, जबकि दूसरे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों घटनाओं से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
पहली घटना हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के दुल्हर गांव की है। शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे रवीन्द्र राम का चार वर्षीय पुत्र मयानंद राम आंगनबाड़ी केंद्र जा रहा था। इसी दौरान एक स्कूली बस की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन तुरंत उसे हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम छा गया।
दूसरी घटना पांकी थाना क्षेत्र के कोनवाई बस स्टैंड के पास गुरुवार रात की है। यहां ट्रैक्टर और बाइक की जोरदार टक्कर में 20 वर्षीय अभिजीत कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए डालटनगंज से रांची ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अभिजीत चतरा जिले के हंटरगंज बहेरी गांव का रहने वाला था और अपने परिवार का इकलौता पुत्र था।
युवक की मौत की खबर मिलते ही शुक्रवार सुबह ग्रामीणों और परिजनों ने पांकी-मेदिनीनगर मुख्य सड़क को जाम कर दिया। आक्रोशित लोगों ने दुर्घटना के दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। सूचना पाकर मौके पर पांकी के भाजपा विधायक शशि भूषण मेहता, अंचल अधिकारी और थाना प्रभारी पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझा-बुझाकर करीब दो घंटे बाद सड़क जाम खत्म कराया।
दोनों हादसों से क्षेत्र में शोक की लहर है और लोग प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग कर रहे हैं।

