Chhattisgarh News:- के बलरामपुर जिले में सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना घटी, जब ग्राम पंचायत विश्रामनगर के पास बना करीब 40 साल पुराना लूती बांध अचानक टूट गया। बांध टूटने के बाद आसपास के निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए, जिससे गांव में भारी तबाही मच गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि तीन लोग अब भी लापता हैं। मरने वालों में एक ही परिवार की तीन महिलाएं और एक नाबालिग बच्चा शामिल है। मृतकों की पहचान बतसईया (62 वर्ष), चिंता (35 वर्ष), रजंति (25 वर्ष) और एक नाबालिग बच्चे के रूप में हुई है।
पुलिस और प्रशासन के अनुसार, हादसे के वक्त ये सभी लोग बांध के निचले हिस्से में अपने घरों में सो रहे थे। अचानक आए पानी के बहाव में सात लोग बह गए, जिनमें से छह एक ही परिवार के सदस्य थे। घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया।
मंगलवार देर रात दो शव बरामद किए गए थे, जबकि बुधवार सुबह दो और शव मिले। वहीं, तीन लोग अब भी लापता हैं जिनकी तलाश एनडीआरएफ की टीम लगातार कर रही है। आसपास के गांवों में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है।
घटना के बाद इलाके में मातम पसरा है और ग्रामीणों में डर का माहौल है। जिला प्रशासन ने प्रभावित परिवार को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है। बांध की जर्जर स्थिति और समय पर मरम्मत न होने पर भी अब सवाल उठ रहे हैं।
