Lohardaga News:- बगड़ू थाना क्षेत्र के बड़चोरगाई में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया, जब खेत से ट्रैक्टर में लादकर ले जा रहे धान का फसल पटवन के लिए लगाए गए चाइना तार के संपर्क में आ गया। देखते ही देखते आग इतनी तेजी से फैली कि पूरा धान जलकर खाक हो गया।
ग्रामीणों के अनुसार बड़चोरगाई निवासी विधवा बसंती उरांव अपने खेत कुसुम गढ़ा से धान की फसल ट्रैक्टर पर लादकर घर ला रही थीं। ट्रैक्टर खेत के रास्ते से गुजर ही रहा था कि सिंचाई के लिए खेतों में बिछाए गए चाइना तार से धान सट गया। तार में करंट होने के कारण धान में तुरंत आग लग गई।
हादसे के दौरान ट्रैक्टर चालक और ग्रामीणों की तत्परता से ट्रैक्टर को जलने से बचा लिया गया, लेकिन धान का पूरा ढेर चंद ही मिनटों में राख हो गया। घटना से बसंती उरांव को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है, क्योंकि वह इसी फसल पर अपनी आजीविका निर्भर करती हैं।
ग्रामीणों ने चाइना तार से होने वाले खतरों पर नाराज़गी जताई है और प्रशासन से ऐसी व्यवस्था पर रोक लगाने की मांग की है, जो किसानों के लिए खतरा बनती जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते ट्रैक्टर नहीं हटाया जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस और प्रशासन को दे दी गई है।

