Saran News:- बिहार में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं और पुलिस की गश्ती व्यवस्था को धता बताते हुए बड़ी वारदातों को अंजाम दिया जा रहा है। ताजा मामला सारण जिले के बनियापुर थाना क्षेत्र के पिठौरी तख्त गांव का है, जहां शनिवार की शाम हथियारबंद अपराधियों ने एक घर में घुसकर करीब 50 लाख रुपये की डकैती की और इलाके में दहशत फैला दी।
जानकारी के अनुसार, यह घटना शाम करीब 6:30 बजे की है। पीड़ित गोविंद सिंह ने पुलिस को बताया कि घर के सभी सदस्य अपने दैनिक कार्यों में व्यस्त थे, तभी 25 से 30 वर्ष आयु के चार अज्ञात युवक जबरन घर में घुस आए। अपराधियों ने प्रवेश करते ही हथियार के बल पर पुरुषों, महिलाओं और बच्चों को बंधक बना लिया। विरोध करने पर परिजनों के साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी देकर पूरे परिवार को डराया गया।
अपराधियों ने लगभग एक घंटे तक घर में तांडव मचाया। अलमारियों और बक्सों को तोड़ते हुए डकैतों ने करीब तीन लाख रुपये नकद और लगभग 40 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए। साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से अपराधियों ने घर में मौजूद मोबाइल फोन तोड़ दिए और कुछ कीमती मोबाइल अपने साथ ले गए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी आसानी से फरार हो गए।
इस घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि शाम के समय गांव के भीतर इस तरह की डकैती पुलिस की गश्ती और खुफिया तंत्र की गंभीर विफलता को दर्शाती है। लोगों का यह भी कहना है कि गृह मंत्री द्वारा अपराधियों को दी गई चेतावनी महज बयान बनकर रह गई है।
घटना की सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ कुमार आशीष, सदर-2 एसडीपीओ और बनियापुर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसएसपी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी और लूटे गए सामान की बरामदगी का भरोसा दिलाया है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान के लिए छापेमारी जारी है।

