Ranchi News:- झारखंड में शुक्रवार, 25 जुलाई से तीन दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी को लेकर मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यह अलर्ट विशेष रूप से राज्य के दक्षिण-पूर्वी और मध्यवर्ती जिलों के लिए जारी किया गया है, जहां तेज बारिश के साथ वज्रपात और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, खूंटी, सरायकेला-खरसावां, गुमला और रांची जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा उत्तर-पश्चिम के कुछ इलाकों को छोड़कर अन्य जिलों में भी तेज बारिश की संभावना है। साथ ही, कई स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और गर्जन के साथ बिजली गिरने का भी खतरा है।
शनिवार को दक्षिण और मध्य झारखंड के कई हिस्सों में तेज बारिश का अनुमान है, वहीं रविवार को दक्षिण-पश्चिमी जिलों जैसे लोहरदगा, लातेहार, चाईबासा और इसके आसपास के इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।
पिछले 24 घंटों के भीतर सबसे अधिक वर्षा हजारीबाग के इचाक में 44 मिमी रिकॉर्ड की गई। रांची और इसके आसपास के क्षेत्रों में भी दिनभर बादल छाए रहे और कुछ जगहों पर बारिश हुई। गुरुवार को राज्य के विभिन्न शहरों का तापमान भी दर्ज किया गया—रांची में 31.8°C, जमशेदपुर में 35.6°C, डालटेनगंज में 34.6°C, बोकारो में 31.1°C और चाईबासा में अधिकतम 36.4°C रहा।
इन जिलों में विशेष सतर्कता:
रांची, खूंटी, सरायकेला-खरसावां, पश्चिम सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सिमडेगा और गुमला में 26 जुलाई को अत्यधिक बारिश की चेतावनी के तहत ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

