Jamshedpur Nerws:- जिले में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने अवैध रेलवे टिकट रैकेट का खुलासा करते हुए एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। यह गोरखधंधा भुइंयाडीह इलाके के एक प्रज्ञा केंद्र की आड़ में चल रहा था। मंगलवार को टाटानगर आरपीएफ की अपराध जांच शाखा (सीआईबी) टीम ने सिदगोड़ा थाना पुलिस के सहयोग से भुइंयाडीह स्थित इस प्रज्ञा केंद्र पर छापेमारी की। इस दौरान केंद्र के संचालक चंदन कुमार को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। जानकारी के अनुसार, टीम के एक सदस्य ने ग्राहक बनकर केंद्र का दौरा किया और टिकट खरीदने के बहाने संचालक को पकड़ा।
छापेमारी के दौरान प्रज्ञा केंद्र से 35 रेलवे टिकट बरामद किए गए, जिनकी कुल कीमत लगभग 40 हजार रुपये आंकी गई है। इसके अलावा, आरोपी के पास से कंप्यूटर, दो मोबाइल फोन और कई अहम दस्तावेज भी जब्त किए गए।
पूछताछ में चंदन कुमार ने स्वीकार किया कि वह पिछले एक साल से इस अवैध कारोबार को अंजाम दे रहा था। आरोपी टिकटों की बुकिंग अवैध तरीकों से करता था और अतिरिक्त शुल्क वसूलकर यात्रियों को उपलब्ध कराता था। फिलहाल आरोपी को आरपीएफ के कार्यालय लाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
रेलवे सुरक्षा बल ने आम जनता से अपील की है कि वे रेलवे टिकट केवल अधिकृत एजेंट या रेलवे के आधिकारिक प्लेटफॉर्म से ही खरीदें। अवैध टिकट खरीदने से न केवल यात्रा के दौरान परेशानी हो सकती है, बल्कि कानूनी कार्रवाई का भी सामना करना पड़ सकता है।
यह कार्रवाई RPF की सतर्कता और साइबर मॉनिटरिंग की वजह से संभव हो पाई, जिससे रेलवे यात्रियों को ठगने वाले ऐसे रैकेट्स पर लगाम लगाने की उम्मीद है।

