Koderma News:- जिले के जयनगर प्रखंड में हाथियों का आतंक एक बार फिर लौट आया है। बीती रात करीब 40 जंगली हाथियों का एक बड़ा झुंड जयनगर क्षेत्र के 12 से अधिक गांवों में देखा गया, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। हालांकि अब तक किसी जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है, लेकिन किसानों की चिंता बढ़ गई है क्योंकि इस समय धान की फसल तैयार है और कटाई का दौर शुरू होने वाला है।
ग्रामीणों के अनुसार, बुधवार की देर शाम गड़गी गांव के आसपास हाथियों का झुंड देखा गया। इसकी जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने आग जलाकर और शोर मचाकर हाथियों को भगाने की कोशिश की। वहीं, सूचना पाकर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और पूरी रात हाथियों को गांव की सीमा से बाहर खदेड़ने में जुटी रही।
वन प्रक्षेत्र पदाधिकारी रवींद्र कुमार ने बताया कि हाथियों के झुंड की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि दिन में हाथियों को खदेड़ना जोखिम भरा होता है, इसलिए रात में विशेष टीम अभियान चलाकर उन्हें जंगल की ओर भेजने का प्रयास करेगी। आसपास के गांवों में भी चौकसी बढ़ा दी गई है।
गौरतलब है कि चार महीने पहले भी जयनगर और मरकच्चो प्रखंड के क्षेत्रों में हाथियों के झुंड ने भारी तबाही मचाई थी। उस दौरान फसलों को नुकसान पहुंचाने के साथ ही कई घर भी तबाह हो गए थे और पांच लोगों की जान चली गई थी।
वर्तमान में ग्रामीणों में यह आशंका बनी हुई है कि यदि झुंड खेतों की ओर बढ़ गया तो फसलों का भारी नुकसान हो सकता है। वन विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, समूह में निगरानी करें और जरूरत पड़ने पर तुरंत विभाग को सूचना दें। विभाग की टीम ने आश्वासन दिया है कि रात में अभियान चलाकर हाथियों को सुरक्षित रूप से जंगल की ओर लौटा दिया जाएगा।

