Ranchi News:- उत्तर प्रदेश अपराध शाखा से मिली गुप्त सूचना पर रांची पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित कफ सिरप की बड़ी खेप बरामद की है। यह कार्रवाई मांडर थाना क्षेत्र में एनएच-39 पर टांगरबसली मोड़ के पास की गई, जहां एक ट्रक (नंबर NL 01 AH-5510) को रोककर जांच की गई।
रांची ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि एसएसपी रांची को सूचना मिली थी कि एक ट्रक में अवैध कफ सिरप लोड कर चान्हो होते हुए किसी अन्य स्थान पर पहुंचाया जा रहा है। सूचना के आधार पर डीएसपी खलारी के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान ट्रक चालक ने दावा किया कि गाड़ी में सड़ा हुआ चावल लदा है। जब पुलिस ने ट्रक की ऊपरी परत में रखी चावल की बोरियों को हटाया, तो नीचे से सफेद प्लास्टिक की 134 बोरियां बरामद हुईं। इन्हें खोलने पर कुल 13,400 प्रतिबंधित कफ सिरप की बोतलें मिलीं।
औषधि निरीक्षक को मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने पुष्टि की कि सभी बोतलें कफ सिरप की हैं और इनके परिवहन से जुड़े कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। इसके बाद ट्रक और पूरी खेप को जब्त कर लिया गया।
पुलिस ने मौके से मुंबई के जोगेश्वरी ईस्ट, प्रेमनगर स्थित दुबे चाल, जनता कॉलोनी निवासी वसीम निजाम शेख को गिरफ्तार किया। बरामद कफ सिरप की अनुमानित बाजार कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।
यह कार्रवाई प्रशासन के लिए एक बड़ी कामयाबी मानी जा रही है, क्योंकि प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी लगातार बढ़ती चिंता का विषय बनी हुई है।

