Ranchi News:- राज्य सरकार के एक वर्ष पूरे होने के अवसर पर मोरहाबादी मैदान में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 8792 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए एक बार फिर झारखंड के युवाओं के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस मौके पर विभिन्न विभागों में चयनित उपसमाहर्ता, पुलिस उपाधीक्षक, काराधीक्षक, झारखंड शिक्षा सेवा के अधिकारी, जिला समादेष्टा, श्रम अधीक्षक, प्रोबेशन पदाधिकारी, उत्पाद निरीक्षक, दंत चिकित्सक, सहायक आचार्य और कीट पालक शामिल थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार पढ़े-लिखे से लेकर कम पढ़े-लिखे और ऐसे लोगों तक के प्रति संवेदनशील है जो किसी कारणवश शिक्षा से दूर रह गए। उन्होंने बताया कि राज्य की 50 लाख महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए चलायी जा रही ‘मईया सम्मान योजना’ ने बड़ी संख्या में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया है। कई महिलाओं ने इसी योजना के माध्यम से पदाधिकारी बनकर समाज के सामने मिसाल पेश की है। शिक्षक नियुक्ति में 40 प्रतिशत महिलाओं को अवसर मिलना भी इसी सकारात्मक प्रयास का नतीजा है।
हेमंत सोरेन ने कहा कि यह राज्य हमारे पूर्वजों ने अपने बलिदान और संघर्ष के दम पर बनाया है। अब इसे आगे बढ़ाने और संवारने की जिम्मेदारी हम सभी की है। उन्होंने नव-नियुक्त पदाधिकारियों से अपेक्षा की कि वे जिस भी जिले में जाएं, वहां कम-से-कम एक युवा को अपने जैसा बनाने का संकल्प लें, ताकि राज्य की विकास यात्रा और मजबूत हो सके।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राधाकृष्ण किशोर, डॉ. इरफान अंसारी, योगेंद्र प्रसाद, शिल्पी नेहा तिर्की, संजय प्रसाद, सुदिव्य कुमार सोनू, दीपिका पांडेय सिंह, हफीजुल अंसारी, चमरा लिंडा, दीपक बिरूआ, सांसद महुआ मांझी और विधायक कल्पना सोरेन सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। पूरे समारोह में युवाओं में खुशी और उत्साह साफ झलक रहा था।

