Ranchi News:– राजधानी रांची स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार (होटवार जेल) में शुक्रवार की सुबह पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने सघन छापेमारी की। करीब सवा तीन घंटे तक चले इस अभियान में जेल के हर कोने-कोने की तलाशी ली गई। इस दौरान कुख्यात कैदियों से लेकर सामान्य बंदियों तक सभी वार्डों की जांच की गई, लेकिन पुलिस को कोई आपत्तिजनक वस्तु या सामग्री बरामद नहीं हुई।
प्रशासन ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने के उद्देश्य से इस अभियान को अंजाम दिया। डीसी मंजू नाथ भजंत्री और एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर छापेमारी की पूरी कार्रवाई की गई। अभियान का नेतृत्व सिटी एसपी पारस राणा और सदर एसडीओ उत्कर्ष गुप्ता ने किया। इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक (सदर), कार्यपालक दंडाधिकारी (रांची), थाना प्रभारी सदर, 12 सब इंस्पेक्टर और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद थे।
टीम ने जेल के सभी वार्ड, महिला वार्ड, सेल, हाई-सिक्योरिटी ब्लॉक और यहां तक कि जेल अस्पताल तक को खंगाला। हर जगह बारीकी से जांच की गई ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि जेल में किसी तरह की अवैध गतिविधि या आपत्तिजनक सामग्री छिपाकर न रखी गई हो।
करीब सवा तीन घंटे तक चली इस कार्रवाई के बाद प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जेल परिसर पूरी तरह सामान्य पाया गया है और कोई भी अवैध वस्तु नहीं मिली है। अधिकारियों का कहना है कि यह नियमित जांच का हिस्सा है और इसका उद्देश्य जेल की सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करना है।
सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि छापेमारी के दौरान हर वार्ड को खंगाला गया और सब कुछ नियंत्रण में पाया गया। उन्होंने कहा कि समय-समय पर इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी ताकि जेल में कानून व्यवस्था और सुरक्षा पूरी तरह सुनिश्चित की जा सके।
यह छापेमारी ऐसे समय की गई जब राज्य में नवरात्र और दुर्गा पूजा जैसे बड़े त्यौहार नजदीक हैं, जिससे सुरक्षा एजेंसियां अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं। प्रशासन का मानना है कि इस तरह की जांच से जेल में पारदर्शिता और नियंत्रण बनाए रखने में मदद मिलती है।

