भुवनेश्वर:- पुरी में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के दौरान रविवार तड़के गुंडीचा मंदिर के पास हुई भगदड़ की दर्दनाक घटना में तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद ओडिशा के पुलिस महानिदेशक वाई.बी. खुरानिया ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
डीजीपी खुरानिया ने कहा कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए त्वरित सुधारात्मक उपाय किए जा रहे हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे दर्शन के दौरान संयम बरतें और पुलिस के दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने विशेष रूप से मोबाइल फोन से भीड़ में फोटो खींचने से बचने की सलाह दी, ताकि अव्यवस्था न फैले।
पुरी के जिलाधिकारी सिद्धार्थ शंकर स्वाईं ने तीन श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि की है और बताया कि सभी शवों का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हादसे में घायल छह श्रद्धालुओं को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है, जिनकी हालत अब स्थिर है।
यह हादसा रविवार सुबह लगभग 4:20 बजे उस वक्त हुआ जब ‘पहुड़ा’ अनुष्ठान के बाद भारी संख्या में श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए मंदिर की ओर बढ़ रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अचानक एक लकड़ी से लदा ‘चरमाला’ ट्रक भीड़ में घुस गया, जिससे भगदड़ मच गई।
हादसे के बाद प्रशासन ने घटनास्थल पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए हैं। जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से संयम बरतने और प्रशासनिक आदेशों का पालन करने की अपील की है ताकि रथ यात्रा शांतिपूर्वक और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

