Chaibasa News:- जिले के नक्सल प्रभावित गोयलकेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत रेला पराल के पंचलताबुरु जंगल पहाड़ी में रविवार की सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में कुख्यात भाकपा (माओवादी) का जोनल कमांडर अमित हांसदा उर्फ अपटन ढेर हो गया। घटना की पुष्टि पश्चिमी सिंहभूम के एसपी राकेश रंजन ने प्रेस वार्ता कर की। पुलिस के अनुसार, मारा गया नक्सली कई गंभीर मामलों में वांछित था। वह झारखंड के चाईबासा समेत विभिन्न जिलों में 96 से अधिक नक्सली घटनाओं को अंजाम दे चुका था। इसके अलावा वह लगभग एक दर्जन पुलिसकर्मियों की हत्या और हथियार लूट की घटनाओं में शामिल रहा है।
अमित हांसदा पर पूर्व विधायक गुरुचरण नायक पर हमले और दो जवानों की हत्या का आरोप भी था। इसके अलावा वह सरायकेला जिले के कुकड़ू हत्याकांड में शामिल था, जिसमें पांच पुलिसकर्मियों की हत्या कर उनके हथियार लूट लिए गए थे।
इस नक्सली का नाम वर्ष 2014 चाईबासा जेल ब्रेक कांड में भी सामने आया था। उस घटना में उसने जेल से फरार होने में अहम भूमिका निभाई थी।
मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने भारी मात्रा में सामान बरामद किया है। इसमें एक एसएलआर राइफल, कारतूस और नक्सलियों के दैनिक उपयोग की वस्तुएं शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि इलाके में अभी भी अभियान जारी है और अन्य नक्सलियों की तलाश की जा रही है।
एसपी राकेश रंजन ने बताया कि यह सफलता सुरक्षाबलों की बड़ी उपलब्धि है। मारा गया नक्सली लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के लिए चुनौती बना हुआ था। उसकी मौत से नक्सली संगठन को गहरा झटका लगा है।
ग्रामीणों ने भी राहत की सांस ली है क्योंकि इस नक्सली के कारण इलाके में भय का माहौल बना रहता था। पुलिस ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे नक्सलियों की गतिविधियों की जानकारी तुरंत प्रशासन तक पहुंचाएं।

