Baxer News:- बक्सर जिले में अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। जिले के टॉप-10 कुख्यात अपराधियों में शामिल और 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी विजय पांडे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस गिरफ्तारी से इलाके में सक्रिय आपराधिक गिरोहों को बड़ा झटका माना जा रहा है।
रविवार को डुमरांव अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पोलस्त कुमार ने प्रेस वार्ता कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अपराधी विजय पांडे, पिता स्वर्गीय शिव प्रसाद पांडे, ग्राम पोखरहा, थाना बगेन गोला, जिला बक्सर का निवासी है। वह हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर आपराधिक मामलों में लंबे समय से वांछित था। उसके खिलाफ विभिन्न मामलों में न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट भी जारी किए जा चुके थे, लेकिन वह लगातार पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था।
पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के निर्देश पर कुख्यात और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया था। गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचनाओं के आधार पर विजय पांडे के संभावित ठिकानों की लगातार निगरानी की। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह बार-बार अपना ठिकाना बदल रहा था, लेकिन पुलिस की सतर्कता और निरंतर छापेमारी के चलते आखिरकार शनिवार को पुख्ता सूचना के आधार पर उसे ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र से दबोच लिया गया।
इस विशेष अभियान का नेतृत्व डीएसपी पोलस्त कुमार ने किया। टीम में डीआईओ प्रभारी सुधीर कुमार, बगेन गोला थाना अध्यक्ष अभय शंकर सिंह समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विजय पांडे की गिरफ्तारी से जिले में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगेगा। उससे पूछताछ के दौरान अन्य आपराधिक नेटवर्क और सहयोगियों के बारे में भी अहम जानकारियां मिलने की उम्मीद है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

