Jamshedpur News:- 45-घाटशिला विधानसभा उपचुनाव के लिए सोमवार को नामांकन प्रक्रिया की औपचारिक शुरुआत हो गई। पहले ही दिन राजनीतिक माहौल में हलचल देखने को मिली और चार संभावित उम्मीदवारों ने अपने नामांकन प्रपत्र खरीदे। हालांकि, अब तक किसी ने भी औपचारिक रूप से नामांकन दाखिल नहीं किया है।
जिला निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, रामकृष्ण कान्ति माहली, परमेश्वर टुडू, नारायण सिंह और सोमेश चन्द्र सोरेन ने अपने नामांकन फॉर्म लिए हैं।
रामकृष्ण कान्ति माहली ने अवतारण माहली के पुत्र के रूप में लाटिया, पोस्ट बदिया, मुसाबनी से नामांकन प्रपत्र खरीदा है।
वहीं परमेश्वर टुडू, शिवचरण टुडू के पुत्र हैं और उन्होंने बाघुड़िया, भुरूडांगा टोला, केशरपुर, गालुडीह से फॉर्म लिया है।
इसके अलावा नारायण सिंह, समय सिंह के पुत्र हैं और उन्होंने उल्दा, पोस्ट महुलिया, गालुडीह थाना से नामांकन पत्र प्राप्त किया है।
चौथे संभावित उम्मीदवार सोमेश चन्द्र सोरेन, रामदास सोरेन के पुत्र हैं, जिन्होंने घोड़ाबांधा, गोविंदपुर थाना क्षेत्र से नामांकन प्रपत्र खरीदा।
निर्वाचन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया आगामी दिनों तक जारी रहेगी। उम्मीद है कि आने वाले दिनों में राजनीतिक दलों के अधिक प्रत्याशी भी मैदान में उतरेंगे।
घाटशिला उपचुनाव को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। प्रमुख दलों के नेता अपने संभावित प्रत्याशियों को लेकर मंथन में जुटे हैं। वहीं प्रशासन ने भी चुनावी तैयारियों को लेकर सुरक्षा और व्यवस्था से जुड़े सभी उपायों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।

