पटना।
अपने पिता रामविलास पासवान के मौत का गम झेल रहे लोजपा अध्यक्ष चिराग पासवान लगातार इस बात को दोहरा रहे हैं कि वह किसी भी हाल में नीतीश कुमार को बिहार का मुख्यमंत्री बनता नहीं देखना चाहते हैं। उन्होंने नीतीश कुमार के जदयू के बजाय भाजपा और लोजपा के विकल्प पर सहमति जताई है। शुक्रवार को लोजपा अध्यक्ष चिराग पासवान ने ट्विटर के माध्यम से एक बार फिर नीतीश के प्रति अपनी नाराजगी को जाहिर किया है। उन्होंने अपने पिता का एक वीडियो भी ट्वीट किया है। जिसमें रामविलास पासवान द्वारा संसद में पढ़ी गई एक कविता का जिक्र किया गया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि जुल्म करो मत, जुल्म सहो मत। जीना है तो मरना सीखो, कदम कदम पर लड़ना सीखो। वो लड़ रहे हैं हम पर राज करने के लिए, हम लड़ रहे हैं खुद पर नाज करने के लिए। इसके बाद चिराग पासवान ने कहा है कि नीतीश कुमार से अब लड़ने का समय आ गया है। मैं बिहार को बर्बाद होता नहीं देख सकता। नीतीश कुमार के नेतृत्व को मैं नहीं स्वीकार कर सकता। राज करने के लिए फैसला करना होता तो नीतीश के साथ रहता लेकिन खुद को माफ़ नहीं कर पाता। बिहार को सवारना है और फिर बिहार पर नाज करना है। चिराग पासवान अपने पिता के श्राद्ध कर्म के बाद 21 अक्टूबर से चुनावी दौरे पर निकलेंगे। उनके चुनावी मिशन का नाम होगा नितीश इंपॉसिबल।
