Jamshedpur News:- भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार और आजमगढ़ के पूर्व भाजपा सांसद दिनेश लाल ‘निरहुआ’ इन दिनों जमशेदपुर में अपनी नई फिल्म “मुर्गा ट्रॉफी” की शूटिंग कर रहे हैं। सोमवार को शूटिंग के दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव परिणामों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। निरहुआ ने कहा कि बिहार की जनता ने जिस दल को चुना है, वही सर्वोपरि है। जनता का निर्णय ही लोकतंत्र की असली ताकत है।
उन्होंने कहा कि बिहार की जनता विकास और सुशासन चाहती है। इसी सोच को ध्यान में रखते हुए उसने सरकार का चुनाव किया है। निरहुआ ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व की भी सराहना की और कहा कि बिहार लगातार विकास की ओर बढ़ रहा है, जनता भी इसे आगे बढ़ते देखना चाहती है।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कुछ दल विकास के मुद्दों से भटककर ईवीएम और वोट चोरी जैसे विवादों में उलझ जाते हैं, जबकि जनता की अपेक्षाएं बिल्कुल स्पष्ट हैं—बेहतर कानून व्यवस्था, सुविधाएं और विकास। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंचा है, इसी वजह से भाजपा के प्रति जनता का भरोसा बरकरार है।
राजनीति में अपनी सक्रियता पर उन्होंने कहा कि चुनावी मौसम में वे हमेशा पार्टी के प्रचार में जुटे रहते हैं। हाल ही में बिहार चुनाव में उन्होंने कई जगहों पर प्रचार किया। खेसारी लाल यादव के साथ चुनावी बयानबाजी पर उन्होंने कहा कि चुनावी माहौल में ऐसी स्थितियाँ बन जाती हैं, लेकिन चुनाव परिणाम आने के बाद इन बातों का कोई अर्थ नहीं रह जाता।
अपनी फिल्म “मुर्गा ट्रॉफी” के बारे में निरहुआ ने बताया कि यह झारखंड के पारंपरिक खेल मुर्गा लड़ाई पर आधारित है। फिल्म की शूटिंग झारखंड के विभिन्न हिस्सों में की गई है और अंतिम शूट जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, जमशेदपुर में चल रहा है। उन्होंने दर्शकों से अपील करते हुए कहा कि यह फिल्म झारखंड की संस्कृति, लोक कला और परंपरा का शानदार प्रदर्शन करेगी।
शूटिंग स्थल पर निरहुआ को देखने के लिए बड़ी संख्या में प्रशंसक पहुंचे। लोग सेल्फी और ऑटोग्राफ लेने के लिए उत्साहित दिखे, जबकि स्थानीय लोगों ने भी भोजपुरी स्टार का गर्मजोशी से स्वागत किया।

