बक्सर।
एक नई नवेली दुल्हन शादी के दो सप्ताह के अंदर ही अपने ससुराल वालो को लूटकर चंपत हो गई। वह अपने साथ 50 हजार के गहने और ससुराल वालो के रखे पैसे अपने साथ ले गई। मामला एकारसी गांव का है। इसको लेकर पीड़ित पति मिथिलेश चौधरी ने गुरूवार को पत्नी समेत दो अज्ञात महिलाओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस महिलाओं की लूटेरी जमात की तलाश में जुटी है।
जानकारी अनुसार एक बिचौलिया महिला के सहयोग से 23 जून को एकारसी गांव के मिथिलेश चौधरी की शादी भोजपुर जिले के जगदीशपुर थाना के कौरा गांव निवासी छोटकी के साथ शादी हुई थी। शादी ब्रह्मपुर शिव मंदिर में किया गया था। इसके बाद दोनो का जीवन सामान्य चल रहा था। इस बीच गत बुधवार को पीड़ित मिथिलेश के घर दो अनजान महिलाएं आयी, जिसे दुल्हन ने अपने ससुराल वालो से चाची और भाभी के रूप में पहचान कराई। मिथिलेश ने दोनो महिलाओं का खुब आवभगत किया। इसके बाद रात में ससुराल वालो के सो जाने के बाद नई नवेली दुल्हन दोनो औरतो के साथ नगद व जेवरात लेकर फरार हो गई। तीनो की तलाश जारी है।

