Khunti News:– खूंटी जिले के कर्रा थाना क्षेत्र में हुए बुधुवा उरांव उर्फ एतवा बाखला हत्याकांड का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके सगे भतीजे ने ही जमीन हड़पने की नीयत से करायी थी। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपित भतीजे सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
तोरपा एसडीपीओ क्रिस्टोफर केरकेट्टा ने सोमवार को कर्रा थाना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि भतीजे जीवन बाखला ने अपने चाचा बुधुवा उरांव (64) की हत्या 14 लाख रुपये की सुपारी देकर कराई थी। बुधुवा उरांव की कोई संतान नहीं थी, सिर्फ दो बेटियां थीं। इसी लालच में भतीजे ने चाचा की जमीन हथियाने के लिए हत्या की साजिश रची।
उल्लेखनीय है कि 22 सितंबर को सेताहुरू-लतरातू मुख्य सड़क किनारे झाड़ियों से बुधुवा उरांव का शव बरामद किया गया था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हत्यारे जोजो नागा बाजरा गांव में छिपे हुए हैं। छापामारी में पहले बाल्टर कच्छप को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने पूरे राज से पर्दा हटा दिया।
बाल्टर की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त स्कूटी, मृतक की स्कूटी और 90 हजार रुपये नगद बरामद किया। बाद में पुलिस ने उसके दो अन्य साथियों को भी दबोच लिया। इनमें मृतक का भतीजा जीवन बाखला और अनिल कच्छप उर्फ करमा शामिल हैं। अनिल के पास से 4.5 लाख रुपये और चार मोबाइल फोन जब्त किए गए, जिनका इस्तेमाल हत्या की साजिश में किया गया था।
इस मामले के उद्भेदन और गिरफ्तारी में तोरपा एसडीपीओ क्रिस्टोफर केरकेट्टा, सीपीआई अशोक कुमार सिंह, कर्रा थाना प्रभारी मनीष कुमार, एसआई मुकेश कुमार यादव समेत पुलिस बल की टीम शामिल रही।

